
ट्रेनों की नई समय सारणी बुधवार से प्रभावी हो जाएगी। रेलवे ने इसे मंगलवार से जारी कर दिया। नई व्यवस्था में 2875 यात्री ट्रेनों के नंबर बादल दिये गए हैं। इनमें एक्स्प्रेस व पैसेंजर दोनों तरह की ट्रेनें हैं। इसी तरह कई ट्रेनों के स्टेशन से चलने और गंतव्य तक पहुंचने के समय में परिवर्तन किया गया है। भारतीय रेलवे का ट्रेन ऐट ए ग्लान्स का यह 44वां संस्करण है। पहले यह परिवर्तन प्रत्येक वर्ष 30 जून को होता था जिसे एक जुलाई से लागू कर दिया जाता था। लेकिन पिछले साल नया टाइम टेबल एक अक्टूबर को लागू किया गया था जो 31 दिसंबर तक लागू रहा।
ट्रेनों के नंबर का बदलाव चार जनवरी से लागू होगा, वहीं समय में किया गया बदलाव एक जनवरी से लागू होगा। उत्तर रेलवे ने भी ट्रेनों के नंबरों में बदलाव किया है। इनमें 18 एक्सप्रेस, 23 पैसेंजर और 17 मेमू ट्रेन शामिल हैं। ऐसे में अब टिकट बुक कराएं तो पहले ट्रेन का सही नंबर भी जरूर चेक कर लें। साथ ही यह भी जरूर जांच लें कि कहीं आपकी ट्रेन वही तो नहीं जिसके समय में भी परिवर्तन हो गया है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जन संपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) पंकज कुमार सिंह ने बताया कि जिन ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है, उनमें पांच मिनट का अंतर है। एक मेमू ट्रेन का विस्तार किया गया है। इसके अलावा पहले से कुछ ट्रेनों के नंबर बदले गए हैं। जिसमें स्पेशल अनारक्षित के रूप में चल रहीं पैसेंजर ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है। इनका नंबर नियमित ट्रेनों का कर दिया गया है
एक जनवरी से प्रमुख ट्रेनों का बदला समयः 19716 गोमतीनगर-जयपुर एक्सप्रेस शाम 05:50 बजे ऐशबाग से छूटती है, अब यह ट्रेन शाम 05:45 बजे छूटेगी। इसके अलावा 11037 पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस पांच मिनट बाद रात 12:40 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसी तरह 12566 नई दिल्ली-दरभंगा, 22584 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-छपरा, 11123 ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस, 15080 गोरखपुर-पाटलिपुत्र जं., 22412 आनन्द विहार टर्मिनस-नाहरलगुन, 22552 जलंधर सिटी-दरभंगा, 15656 श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा-कामाख्या, 15558 आनन्द विहार टर्मिनस-दरभंगा, 15045 गोरखपुर-ओखा, 19410 गोरखपुर-साबरमती, 15028 गोरखपुर-सम्बलपुर समेत 68 ट्रेनों के समय में पांच मिनट का बदलाव किया गया है। कुछ ट्रेनें अपने निर्धारित समय से पांच मिनट पहले और बाद में संचालित होंगी।


