
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के बीड जिले में हुई सरपंच संतोष देशमुख की हत्या ने पूरे राज्य को हिला कर रख दिया है। 9 दिसंबर 2024 को मास्साजोग गांव में यह भयावह घटना घटी, जिसमें निर्दयता और अमानवीयता की सारी हदें पार कर दी गईं। अब इस हत्याकांड से जुड़े चौंकाने वाले सबूत सामने आए हैं, जिसमें हत्या के दौरान ली गई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं।
हत्या से पहले और दौरान की भयावह तस्वीरें
एसआईटी (Special Investigation Team) द्वारा की गई जांच में आरोपियों के मोबाइल से हत्या के समय ली गई तस्वीरें और वीडियो बरामद किए गए हैं। इन तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि संतोष देशमुख के साथ अपराधियों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दी।
हत्या से जुड़ी हैवानियत दिखाने वाली 8 तस्वीरें
- पहली तस्वीर: आरोपी जयराम चाटे पहले देशमुख को बुरी तरह पीटता है और फिर उनकी पैंट जबरदस्ती उतार देता है।
- दूसरी तस्वीर: आरोपी महेश केदार इस जघन्य कृत्य का सेल्फी लेकर मजाक उड़ाता है।
- तीसरी तस्वीर: जब देशमुख बेहोश हो जाते हैं, तब आरोपी प्रतीक घुले उनकी छाती पर खड़े होकर उनके चेहरे पर टॉयलेट करता है।
- चौथी तस्वीर: आरोपी सुदर्शन घुले इस क्रूरता के दौरान हंसते हुए तस्वीरें खींचता है।
- पांचवीं तस्वीर: आरोपी जयराम चाटे देशमुख की शर्ट जबरन फाड़ता है और फिर उसे हाथ में पकड़कर हंसता है।
- छठवीं तस्वीर: लोहे की पाइप और तारों से, कल्च के वायर से देशमुख को बेरहमी से पीटा जाता है।
- सातवीं तस्वीर: तार जैसी किसी चीज से उनकी पीठ पर बर्बर प्रहार किए जाते हैं।
- आठवीं तस्वीर: इतने अत्याचार के बाद भी आरोपी ठहाके लगा रहे हैं, जबकि देशमुख का पूरा शरीर खून से लथपथ हो चुका था।
इसके बाद सुदर्शन घुले और उसके साथियों ने देशमुख को जबरन यह कहने के लिए मजबूर किया कि सुदर्शन घुले ही इस सबका मालिक है।आखिर में देशमुख को केवल अंडरवियर में बैठाकर पाइप से पीटा गया और उनका पूरा शरीर घायल हो गया। उनके सिर से पैर तक खून बह रहा था।
हत्या के पीछे की वजह
संतोष देशमुख एक ईमानदार सरपंच थे और बीड जिले के परली तहसील में लगने वाले पवन चक्की प्रोजेक्ट में 2 करोड़ रुपये की फिरौती के खिलाफ संघर्ष कर रहे थे। उनका मानना था कि यह प्रोजेक्ट भ्रष्टाचार से भरा हुआ है। उन्होंने इसका खुलकर विरोध किया और इसके खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया। इस आंदोलन के चलते ही उनकी हत्या की साजिश रची गई।
इसमें कौन-कौन शामिल है?
एसआईटी की चार्जशीट के अनुसार, हत्या के मुख्य आरोपी ये हैं:
- विष्णु चाटे
- सुदर्शन घुले
- प्रतीक घुले
- सुधीर सांगले
- महेश केदार
- जयराम चाटे
- कृष्णा आंधले
परिवार ने मंत्री धनंजय मुंडे के इस्तीफे की मांग की
पीड़ित परिवार का कहना है कि इस हत्याकांड में वाल्मीक कराड, जो कि मंत्री धनंजय मुंडे का करीबी बताया जाता है, मुख्य साजिशकर्ता है। परिजनों का आरोप है कि वाल्मीक कराड ने ही संतोष देशमुख की हत्या की साजिश रची, क्योंकि देशमुख पवन चक्की प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार का विरोध कर रहे थे। इसलिए परिवार ने धनंजय मुंडे के मंत्रिपद से इस्तीफे की मांग की है और कहा है कि बिना किसी बड़े राजनीतिक संरक्षण के यह हत्या संभव नहीं थी।
हत्या के बाद बीड में तनाव और विरोध प्रदर्शन
जैसे ही हत्या की तस्वीरें और वीडियो वायरल हुए, पूरे बीड जिले में गुस्से की लहर दौड़ गई। लोगों ने उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए बीड पुलिस एसपी नवनीत कॉवत ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा,
“ये तस्वीरें बेहद संवेदनशील हैं और लोगों की भावनाओं को भड़का सकती हैं। यह मामला न्यायालय में है, इसलिए लोग कानून को अपने हाथ में न लें।”
मुख्य आरोपी अभी भी फरार
इस जघन्य हत्याकांड का मुख्य आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। अब सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन इस मामले में तेजी से कार्रवाई करेगा? और क्या पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा?
बीड जिले में इस निर्मम हत्या ने न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि महाराष्ट्र की राजनीति में भी भूचाल ला दिया है।


