
बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा ने बाली में हुए हादसे के बाद अपनी सेहत को लेकर पहला अपडेट शेयर किया है। रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर होने के बाद उनकी सर्जरी हुई। अब एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर अपनी हालत की झलक दिखाई है। वीडियो में नुसरत कुर्सी पर बैठी नजर आ रही हैं। उनके हाथों में ड्रिप्स लगी हैं और एक नर्स उन्हें खाना खिलाती दिखाई दे रही है।
नुसरत के इस वीडियो के सामने आने के बाद उनके फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं और उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं। हालांकि, एक्ट्रेस ने अभी अपनी रिकवरी को लेकर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
सर्जरी के बाद नुसरत भरूचा ने शेयर किया वीडियो

नुसरत भरूचा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वह टीवी पर शाहरुख खान और काजोल का गाना देखती नजर आ रही हैं। इस दौरान उनके हाथों में ड्रिप्स लगी दिखाई दे रही हैं और नर्स उन्हें खाना खिला रही है।
इससे पहले एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर खिड़की के पास रखी एक खाली रिक्लाइनिंग व्हीलचेयर की तस्वीर भी शेयर की थी। तस्वीर में खिड़की से सूर्यास्त का खूबसूरत नजारा दिखाई दे रहा था।
इस तस्वीर के साथ नुसरत ने लिखा था, ‘हमेशा से सनसेट का पीछा करती रही हूं, और अचानक मेरा नजारा बदल गया। लेकिन, पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त।’
उनके इस संदेश को मुश्किल समय में सकारात्मक बने रहने की भावना से जोड़कर देखा जा रहा है।
बाली में छुट्टियां बिताने के दौरान हुआ था हादसा
नुसरत भरूचा काम के सिलसिले और छुट्टियां बिताने के लिए बाली गई थीं। इसी दौरान वह एक हादसे का शिकार हो गईं। उनकी टीम की ओर से जारी बयान के मुताबिक, दुर्घटना में उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया था।
हादसे के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें हवाई जहाज से मुंबई लाया गया। इसके बाद उनकी सर्जरी की गई। फिलहाल एक्ट्रेस की रिकवरी को लेकर उनके फैंस लगातार अपडेट का इंतजार कर रहे हैं।
पहले भी शूटिंग के दौरान घायल हो चुकी हैं नुसरत
नुसरत भरूचा के साथ शूटिंग के दौरान चोट लगने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। साल 2023 में फिल्म ‘अकेली’ और ‘छोरी 2’ की शूटिंग के दौरान उन्हें चोटें आई थीं।
‘अकेली’ की शूटिंग में सिर के बल गिरी थीं
अप्रैल 2023 में फिल्म ‘अकेली’ की शूटिंग के दौरान एक सीन फिल्माते समय नुसरत संगमरमर के फर्श पर सिर के बल गिर गई थीं। सीन में उन्हें भागते हुए दिखाया जाना था। हादसे के बाद उन्हें काफी दर्द हुआ और वह करीब आधे घंटे तक रोती रहीं। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें कुछ दिन आराम करने की सलाह दी थी।
‘छोरी 2’ के एक्शन सीन में चेहरे पर लगी चोट
जनवरी 2023 में फिल्म ‘छोरी 2’ की शूटिंग के दौरान एक एक्शन सीन करते समय नुसरत के चेहरे पर चोट लग गई थी। चोट के कारण उन्हें चेहरे और भौंह के पास टांके लगवाने पड़े थे। इसके बाद उनका एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वह टांके लगवाती नजर आई थीं।

साल 2021 में भी बिगड़ी थी नुसरत की तबीयत
अगस्त 2021 में भी शूटिंग के दौरान नुसरत भरूचा की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उस समय वह लव रंजन की फिल्म की शूटिंग कर रही थीं। लगातार करीब 23 से 24 दिनों तक काम करने के कारण वह काफी थक गई थीं।
एक दिन शूटिंग के दौरान उन्हें तेज चक्कर आने लगे। वह ठीक से खड़ी नहीं हो पा रही थीं और उन्हें बोलने में भी परेशानी हो रही थी। इसके बाद उन्हें मुंबई के हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अस्पताल में उनका ब्लड प्रेशर 65/55 तक गिर गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद इसे गंभीर वर्टिगो अटैक बताया था। उस समय उनकी परेशानी की वजह तनाव और थकान बताई गई थी।
इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी और करीब 15 दिन आराम करने की सलाह दी गई थी। उनकी तबीयत बिगड़ने के कारण फिल्म की शूटिंग भी रोकनी पड़ी थी।
नुसरत भरूचा की मौजूदा सेहत को लेकर उनके फैंस जल्द ठीक होने की उम्मीद कर रहे हैं। अब सभी की नजरें एक्ट्रेस की रिकवरी और उनकी ओर से आने वाले अगले हेल्थ अपडेट पर हैं।


